समय का महत्व
समय की परीक्षा कठिन जरूर होती है, लेकिन परिणाम आपके हाथों में होता है।
प्रस्तावना-- संसार में सबसे मूल्यवान और महत्वपूर्ण चीज समय है। हमें समय का सम्मान करना चाहिए। हमारे पास समय का भंडार है फिर भी कई लोग समय कम होने का रोना रोते हैं, क्योंकि ऐसे लोग समय पर कार्य नहीं करते और कहते हैं कि काम के लिए हमें समय नहीं मिला। ऐसे लोग भूल जाते हैं कि समय हमारे साथ कभी नहीं चलेगा, बल्कि हमें समय के साथ चलना होगा। यदि हम समय के साथ कार्य करते रहेंगे, तो हमें जरुर सफलता मिलेगी।
संसार में हमारा आना एक निश्चित समय के लिए ही होता है और यह जीवन क्षण-क्षण बीतता रहता है। अतः एक-एक पल अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः इन पलों का दुरुपयोग न करते हुए जीवन को हम सफल सार्थक बना सकते हैं। ईश्वर द्वारा प्रदान किए गए जीवन को हम अपनी इच्छा से एक पल भी बढा़ नहीं सकते हैं। जो व्यक्ति समय का मूल नहीं समझता और उसे व्यर्थ नष्ट करता है, वह जीवन में कुछ नहीं बन पाता। सच ही कहा गया है "गया वक्त फिर हाथ आता नहीं" अर्थात खोया धन पुनः अर्जित हो सकता है, खोई प्रतिष्ठा भी पुनः मिल सकती है, बिगड़ा स्वास्थ्य उपचार से सुधर संवर सकता है, पर समय का रत्न हाथ से निकल जाए तो लाख ढूंढने पर भी कभी नहीं मिलता। नीतिकारों का कथन है "दीर्घसूत्री विनश्यति" अर्थात समय पर काम न करने वाला स्वयं नाश को प्राप्त होता है, जो समय बीत जाता है, वह कभी लौटकर नहीं आता है।
समय क्या है? - समय क्या है? यह समझना सबके बस की बात नहीं है, क्योंकि यह बहुत मूल्यवान वस्तु है इसकी कद्र जिसने की, वह ही इसे समझ सकता है। समय वह पहिया है जो एक बार फिसल गया तो फिर उसे रोक पाना असंभव है। कबीर जी ने समय को इस प्रकार बताया है --
"कल करे सो आज कर, आज करे सो अब। " .........
अर्थात जो कल काम करना है, उसे आज करो और जो आज करना है, उसे अभी करो। कभी भी जीवन खत्म हो जाएगा, तो तुम क्या कर पाओगे।
विद्यार्थी जीवन में समय का महत्व-- विद्यार्थी के जीवन में समय का महत्व सबसे अधिक होता है। यदि इंसान विद्यार्थी जीवन में समय का सदुपयोग करता है, तो वह अवश्य सफल होता है। विद्यार्थियों को अपना हर काम समय से करना चाहिए। विद्यार्थियों को चाहिए कि वह अपना हर काम निर्धारित समय पर या उसके पूर्व ही समाप्त कर लें जिससे वह अपने खाली समय में दूसरे जरूरी काम कर सकें और दूसरों के कामों में भी मदद कर सकें। विद्यार्थी यदि अनुशासन को महत्व देंगे, तो वे समय का उचित इस्तेमाल कर पाएंगे, यदि वे आलस्य को महत्व देंगे, तो वे समय का उचित इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे और वे उन्नति के रास्ते में पीछे हो जाएंगे। जिन विद्यार्थियों को समय का मूल्य जल्दी समझ आ जाता है, वह अपने जीवन को एक दिशा दे पाते हैं और जिन्हें समय का सदुपयोग समझ ही नहीं आता वह बुद्धि होते हुए भी पीछे रह जाते हैं। विद्यार्थियों को अपने जीवन में एक टाइम-टेबल जरूर बनाना चाहिए और उसी के अनुसार अपनी दिनचर्या करनी चाहिए यानि अनुशासन में रहकर कार्य करना चाहिए। विद्यार्थियों को चाहिए कि वह उन व्यक्तियों के जीवन से प्रेरणा ले, जिन्होंने समय का सही उपयोग कर जीवन में सफलता प्राप्त की है। सही कहा गया है -
"समय सफलता की कुंजी है।"
" उन्नति के मार्ग पर जाना है,
समय को हमने पहचाना।"
प्रत्येक विद्यार्थी के लिए एक-एक पल बहुत ही कीमती होता है। अतः मेहनत के साथ-साथ समय का सदुपयोग करनेवाले विद्यार्थी को सफलता की सीढ़ी अवश्य प्राप्त होगी। इसके विपरीत जो विद्यार्थी यह सोचते हैं कि कल पढ़ लेंगे, जब परीक्षा आएगी, ऐसे विद्यार्थी अपने जीवन में असफल रहते हैं। जिन विद्यार्थियों को समय प्रबंधन का महत्व नहीं आता, वे अक्सर अपने दूसरे कार्यों के लिए समय नहीं निकाल पाते। ऐसे विद्यार्थी चिड़चिड़े, गुस्से वाले हो जाते हैं। अतः समय का मूल्य समझना जरूरी है। हम सभी का जन्म एक विशेष उद्देश्य के लिए हुआ है। यह उद्देश्य भगवान ही हमारे लिए तय करते हैं और इसे पूरा करने हेतु वह हमें एक निर्धारित समय देते हैं। हमें इस निर्धारित समय में अपना काम पूरा करते हुए आगे बढ़ते रहना चाहिए। यदि हम हर काम निर्धारित समय में कर लेंगे तो अवश्य सफलता मिलेगी, जैसे- हमें विद्यार्थी जीवन में समय पर पढ़ना, खाना, खेलना, सोना चाहिए और समय से ही अपनी पढ़ाई पूरी कर ले, तो अवश्य असफलता मिलेगी।
निष्कर्ष-- अधिकतर ऐसा होता है कि हमें समय पर कुछ समझ नहीं आता और जब समझ आता है तो समय निकल जाता है, ऐसा उनके साथ होता है, जो समय की कद्र नहीं करते, उसे व्यर्थ करते हैं या खाली बैठकर अपना समय गंवा देते हैं। समय का सदुपयोग करना विद्वान लोगों का गुण होता है। ऐसे व्यक्ति अपने महत्वपूर्ण समय का सही उपयोग करना बखूबी जानते हैं। यह लोग अपनी उन्नति के साथ-साथ देश के उत्थान हेतु समय का सदुपयोग करते हैं। अतः समय का सावधानीपूर्वक उपयोग करते ही आगे बढ़ना चाहिए।
"देश हमारा तभी बढ़ेगा,
जब हर कोई समय से काम करेगा।"
"समय पर किया हुआ थोड़ा सा भी कार्य उपकारी होता है।"

